छत्तीसगढ़ / रायपुर। राजधानी रायपुर के आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मोवा में क्लासरूम के भीतर चाकू लहराने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। थाना पण्डरी पुलिस ने मुख्य आरोपी छात्र को चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया है, वहीं तीन अन्य नाबालिग छात्रों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को गंभीरता से लेते हुए की गई।
बताया जा रहा है कि बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें आत्मानंद स्कूल मोवा के एक कक्षा कक्ष के भीतर कुछ छात्र हाथ में चाकू लेकर उसे लहराते और आपस में दिखाते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद न केवल अभिभावकों में चिंता का माहौल बना, बल्कि स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों में बढ़ते असामाजिक व्यवहार पर भी सवाल खड़े हो गए।
वायरल वीडियो को संज्ञान में लेते हुए थाना पण्डरी पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई देने वाले छात्रों की पहचान की गई। जांच में चाकू लहराने वाले छात्र की पहचान कक्षा 12वीं के छात्र सुशांत प्रधान, पिता सुशील प्रधान, उम्र 19 वर्ष, निवासी बी.एस.यू.पी. कॉलोनी, सड्डू के रूप में हुई।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी सुशांत प्रधान लगभग एक माह पूर्व अपने साथ एक चाकू स्कूल परिसर में लेकर आया था। उसने कक्षा के भीतर अपने दोस्तों को चाकू दिखाया। इसी दौरान उसके साथ मौजूद तीन अन्य मित्र, जो विधि से संघर्षरत बालक हैं, उन्होंने बारी-बारी से चाकू हाथ में लेकर वीडियो बनाया। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से चाकू जब्त कर उसे विधिसम्मत गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीनों नाबालिग छात्रों को नियमानुसार बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि स्कूलों में इस तरह की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं और भविष्य में ऐसी हरकतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों ने स्कूल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और छात्रों की नियमित काउंसलिंग की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।











