डीजे पर डांस के दौरान घरातियों और मेहमानों में हुआ विवाद, पुलिस पहुंचते ही आरोपी फरार
(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)
छत्तीसगढ़ | कोरबा जिले के अंतर्गत स्थित में शादी समारोह के बाद आयोजित पार्टी के दौरान जमकर मारपीट और तोड़फोड़ की घटना सामने आई है। यह विवाद चौथिया कार्यक्रम के दौरान डीजे पर डांस करते समय घरातियों और मेहमानों के बीच हुआ।
डीजे पर डांस के दौरान भड़का विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दर्री निवासी एक युवक की शादी बिलासपुर में संपन्न हुई थी। शादी के अगले दिन बुधवार को लड़के पक्ष की ओर से दर्री के मंगल भवन में पार्टी रखी गई थी। चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिलासपुर से दुल्हन पक्ष के कई महिला-पुरुष कोरबा पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि डीजे पर डांस के दौरान धक्का-मुक्की को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग कार्यक्रम स्थल के बाहर आ गए और आपस में भिड़ गए। इस दौरान चारपहिया वाहनों और बाइकों में तोड़फोड़ भी की गई।
पुलिस के पहुंचते ही आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही 112 और दर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर मारपीट में शामिल युवक फरार हो गए। इस घटना में बिलासपुर से आए युवक सुगंभी छोटे के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस का बयान
दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। मारपीट करने वाले युवक फरार हो गए थे, जबकि घायलों का इलाज कराया गया है। पूरे मामले की जांच जारी है।
CG ई खबर – आपकी आवाज, आपकी खबरें 24x7












