धमतरी (CG ई खबर) — छत्तीसगढ़ के ज़िले में खुद को CID अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ने वाले एक शातिर ठग का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। फर्जी पहचान के सहारे कानून को चकमा देने की कोशिश कर रहा आरोपी आखिरकार पुलिस की पकड़ में आ गया।
आरोपी टिकेश्वर नरेटी खुद को “नेशनल क्राइम कंट्रोल ऑर्गनाइजेशन” का बड़ा पदाधिकारी बताते हुए घूम रहा था। उसकी लग्ज़री पर बड़े-बड़े बोर्ड लगे थे और वह स्वयं को छत्तीसगढ़ का ‘वाइस प्रेसिडेंट’ बताता था। पुलिस ने उसके पास से फर्जी आईडी कार्ड, स्कॉर्पियो, आईफोन 11 प्रो और कई मोबाइल सिम जब्त किए हैं।
फर्जी आईडी पर लिखा था ‘Crime Investigation Department’
पुलिस के अनुसार, घटना 21 फरवरी की है। आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक संदिग्ध स्कॉर्पियो खड़ी होने की सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ में चालक ने खुद को ‘नेशनल ऑफिसर’ बताते हुए दो आईडी कार्ड दिखाए, जिन पर (CID) लिखा था। कड़ाई से जांच में वह कोई वैध नियुक्ति पत्र या प्रशिक्षण प्रमाण पत्र पेश नहीं कर सका।
आरोपी ने कबूल किया कि उसने सितंबर 2025 में ऑनलाइन माध्यम से ये फर्जी कार्ड बनवाए थे और इनका उपयोग टोल टैक्स बचाने व लोगों पर प्रभाव जमाने के लिए करता था।
मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ में जालसाजी का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अब यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस फर्जी पहचान के सहारे किसी बड़ी ठगी को अंजाम दिया गया।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध अधिकारी या फर्जी पहचान पर तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि ऐसे मामलों पर समय रहते कार्रवाई हो सके।











