ads 90x728

कोरबा में अवैध कबाड़ कारोबार पर बड़ी चोट: एसपी सिद्धार्थ तिवारी की सख्ती के बीच निगम की जेसीबी गरजी, अवैध निर्माण ढहा


कोरबा।
जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पालिक निगम क्षेत्र के वार्ड राताखार में गणेश मंदिर के सामने बने एक बड़े अवैध निर्माण को जेसीबी से ढहा दिया। सुबह की इस कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में प्रशासनिक हलचल देखने को मिली और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

संयुक्त कार्रवाई में नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, राजस्व अधिकारी और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने मिलकर कबाड़ी द्वारा कराए गए अवैध निर्माण को धराशायी कर दिया।

बताया जा रहा है कि संबंधित कबाड़ी का मकान भी बेजा कब्जे में निर्मित है, जिस पर भी जेसीबी चलाने की तैयारी की गई थी, लेकिन मौके पर हुए हंगामे के कारण फिलहाल इस कार्रवाई को स्थगित कर दिया गया।

इस कार्रवाई के बाद कबाड़ियों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस और प्रशासन की सख्ती से अवैध कबाड़ कारोबारियों में डर का माहौल बन गया है कि जल्द ही अन्य अवैध निर्माणों और कारोबारों पर भी कार्रवाई हो सकती है। उल्लेखनीय है कि इसी तरह की कार्रवाई प्रदेश के अन्य शहरों जैसे रायपुर और बिलासपुर में भी पहले की जा चुकी है।

जानकारी के अनुसार जिस कबाड़ी के अवैध निर्माण को तोड़ा गया है, वह उन 17 आरोपियों में शामिल रहा है जिन्हें वर्षों पुराने सरकारी लोहे के पुल को काटकर बेचने के मामले में जेल भेजा जा चुका है। उसके खिलाफ अवैध कबाड़ कारोबार से जुड़े अन्य मामलों में भी अपराध दर्ज हैं।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक जिले में अधिकांश कबाड़ दुकानें बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रही हैं। कबाड़ की आड़ में चोरी का लोहा, तांबा, एल्यूमिनियम और पीतल खरीदकर अन्य जिलों में बेचे जाने की शिकायतें लंबे समय से मिलती रही हैं। कई मामलों में फर्जी बिल प्रस्तुत कर पुलिस कार्रवाई को चुनौती देने की कोशिशें भी सामने आती रही हैं।

हालांकि जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने इस तरह के अवैध कारोबार पर सख्त रुख अपनाया है। उनके निर्देश पर पुलिस लगातार निगरानी रखते हुए कार्रवाई कर रही है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि अवैध कबाड़ समेत किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कारोबार को संरक्षण देने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य अवैध कबाड़ कारोबारियों में भी खलबली मच गई है और प्रशासन की अगली कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads