ads 90x728

क्या बसंतपुर में पुलिस ही तय करेगी सच-झूठ? भ्रष्टाचार की खबर के बाद पत्रकार को नोटिस, क्या दबाई जा रही है सच की आवाज?


बसंतपुर थाना प्रभारी के नोटिस से मचा विवाद, पत्रकार ने आईजी सरगुजा से की शिकायत

छत्तीसगढ़ | अंबिकापुर-बलरामपुर (CG ई खबर)।
बलरामपुर जिले में पत्रकार और पुलिस के बीच विवाद का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक समाचार प्रकाशित होने के बाद बसंतपुर थाना प्रभारी द्वारा पत्रकारों को नोटिस जारी किया गया है, जिसे लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है।

मिली जानकारी के अनुसार ‘भारत सम्मान न्यूज़’ में प्रकाशित एक खबर में बसंतपुर थाना प्रभारी पर कथित भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के आरोप लगाए गए थे। खबर सामने आने के बाद थाना प्रभारी की ओर से ‘भारत सम्मान न्यूज़’ के प्रधान संपादक जितेन्द्र कुमार जायसवाल और उनके संवाददाता को तीन दिन के भीतर थाने में उपस्थित होने का नोटिस दिया गया है। नोटिस में प्रकाशित खबर को भ्रामक बताया गया है।

इस कार्रवाई के बाद मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। प्रधान संपादक जितेन्द्र कुमार जायसवाल ने इस नोटिस को अनुचित बताते हुए सरगुजा रेंज के आईजी को शिकायत पत्र भेजा है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जिस अधिकारी के खिलाफ समाचार प्रकाशित हुआ, उसी अधिकारी द्वारा नोटिस जारी कर पत्रकारों को थाने बुलाना पद के दुरुपयोग जैसा प्रतीत होता है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि खबर में किसी प्रकार की त्रुटि थी तो इसकी जांच उच्च अधिकारियों द्वारा कराई जानी चाहिए थी। वहीं संबंधित अधिकारी द्वारा सीधे नोटिस भेजे जाने को पत्रकारों पर दबाव बनाने की कोशिश बताया गया है।

इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि ट्रैक्टर जब्ती और कथित 10 हजार रुपये की वसूली के आरोपों की सच्चाई क्या है और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी।

फिलहाल मामला आईजी सरगुजा रेंज के संज्ञान में पहुंच चुका है। अब देखना होगा कि शिकायत के आधार पर क्या जांच होती है और आगे क्या निर्णय लिया जाता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads