ढाबे की आड़ में अवैध शराब बिक्री, दो गिरफ्तार; हरदी बाजार बस स्टैंड से महुआ, देसी व गोवा शराब जब्त

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

छत्तीसगढ़ / कोरबा : जिले के हरदी बाजार बस स्टैंड स्थित एक ढाबे में अवैध शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दबिश देकर ढाबा संचालक और उसके सहयोगी को पकड़ा तथा मौके से महुआ, देसी और गोवा शराब के साथ बिक्री की नगदी भी जब्त की है।

मिली जानकारी के अनुसार हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना के निर्देश पर सहायक उप निरीक्षक कृपा शंकर दुबे ने अपनी टीम के साथ गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे हरदी बाजार बस स्टैंड स्थित महेश ढाबा पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 30 लीटर कच्ची महुआ शराब, 22 नग देसी पाव, 8 नग गोवा शराब और बिक्री के 4500 रुपए नकद बरामद किए।

पुलिस ने मुख्य आरोपी महेश यादव (28 वर्ष) और उसके सहयोगी प्रमोद कुमार राठौर (38 वर्ष) को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। जब्त की गई अवैध शराब की कुल कीमत लगभग 10,160 रुपए आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार ढाबा संचालक महेश यादव अपने चुनिंदा ग्राहकों को ही शराब उपलब्ध कराता था। बंदी के दिनों और त्योहारों के दौरान भी वह चोरी-छिपे शराब बेचता था, जिसमें होली का दिन भी शामिल है। यह ढाबा मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण यहां से गुजरने वाले ट्रक चालकों और यात्रियों को आसानी से शराब उपलब्ध हो जाती थी।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद आसपास के अन्य ढाबा संचालकों में हड़कंप मच गया है।

3/related/default