CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

पत्नी हत्याकांड में नया मोड़: गवाह को धमकाने का आरोप, राजनीतिक हलचल तेज


कोरबा:
जिले के पोड़ी उपरोड़ा क्षेत्र में एक गंभीर आरोपों से जुड़ा मामला सामने आया है, जिसने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज कर दी है।

ग्राम कुम्हारीसानी निवासी गनपत मरकाम ने पसान थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष, सरपंच संघ के अध्यक्ष तथा जिला पंचायत सदस्य के पुत्र प्रताप मरावी द्वारा उसे और उसके परिवार को धमकाया जा रहा है।

पीड़ित के अनुसार, 15 अप्रैल को प्रताप मरावी उसके घर पहुंचा और उसके बेटे को कथित रूप से धमकाते हुए कहा कि दर्ज कराए गए केस और उसमें शामिल नामों को वापस ले लिया जाए, अन्यथा मारपीट की जाएगी। इस घटना के बाद से गनपत मरकाम और उसका परिवार भय के साये में जी रहा है और उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।

इस संबंध में गनपत मरकाम ने 16 अप्रैल को पसान थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है और सुरक्षा की मांग की है।

गौरतलब है कि गनपत मरकाम ने अपनी लापता पत्नी के साथ दुष्कर्म और हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पोड़ी उपरोड़ा जनपद के उपाध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश चंद्र जाखड़ सहित कुल पांच लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस मामले में एक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर पीड़ित ने कलेक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक को भी आवेदन सौंपा है।

इस पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में पहले से ही तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था, और अब नए आरोप सामने आने के बाद राजनीतिक सरगर्मी और भी तेज हो गई है। प्रशासन और पुलिस की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads