जांजगीर। जिले के सिवनी गांव में प्रशासन ने बेजाकब्जा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया। यह कार्रवाई सुशासन तिहार के दौरान पंचायत को मिले आवेदन और ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार गांव में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर कुछ लोग मकान और दुकान का निर्माण कर रहे थे। मामले की शिकायत सरपंच और ग्रामीणों द्वारा प्रशासन से की गई थी। शिकायत मिलने के बाद संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी किया गया। निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान जांजगीर तहसीलदार, राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की मौजूदगी में अवैध निर्माणों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है।

