कोरबा। न्याय को सरल, सुलभ और घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत 21 अप्रैल 2026 से हो चुकी है, जिसकी परिणति 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत के रूप में होगी। इस विशेष आयोजन में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों को शामिल किया जाएगा।
समाधान समारोह के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं तालुका विधिक सेवा समिति के मध्यस्थता केंद्रों में पूर्व सुलह बैठकों का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य आपसी सहमति, संवाद और सौहार्दपूर्ण वातावरण में विवादों का समाधान कर मामलों का निष्पादन करना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा द्वारा पक्षकारों एवं अधिवक्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि आपसी सहमति और सुलह-वार्ता के माध्यम से विवादों का समाधान निकाला जा सके।
माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के निर्देशन में गठित न्यायाधीशों की समिति तथा प्रशिक्षित मध्यस्थों द्वारा पक्षकारों के साथ व्यक्तिगत एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुलह-प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में माननीय श्रीमती गरिमा शर्मा, प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश कोरबा तथा माननीय श्रीमती ममता भोजवानी, द्वितीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश कोरबा द्वारा विभिन्न प्रकरणों में प्री-सिटिंग के दौरान उपस्थित पक्षकारों के मध्य आपसी सुलह-वार्ता कराई गई। न्यायाधीशों ने पक्षकारों को आपसी सहमति से राजीनामा के आधार पर प्रकरणों के निराकरण हेतु आवश्यक सुझाव भी दिए, जिससे मामलों का त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

