छत्तीसगढ़ के सुशासन तिहार में जनहित की समस्याओं और शिकायतों के बीच इस बार एक बेहद अनोखी मांग चर्चा का विषय बन गई है। / से सामने आए इस मामले का आवेदन सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुनवारा निवासी सतीश मारकंडेय नामक व्यक्ति ने आबकारी विभाग को आवेदन सौंपते हुए मांग की है कि जिस प्रकार विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार में मुख्यमंत्री और मंत्रियों की तस्वीरें लगाई जाती हैं, उसी प्रकार सरकारी शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री की फोटो लगाई जानी चाहिए।
आवेदक ने अपने आवेदन में मोबाइल नंबर और पता भी दर्ज किया है। हालांकि आवेदन की सत्यता और उसके पीछे की मंशा को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन यह मांग पत्र सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जमकर वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रदेश में आयोजित ग्राम सुराज यात्रा, जनदर्शन और अन्य सरकारी शिविरों में लोगों द्वारा कई अजीबोगरीब मांगें और आवेदन दिए जाते रहे हैं। इस बार शराब की बोतलों पर नेताओं की तस्वीर लगाने की मांग ने लोगों का ध्यान खींच लिया है।
सोशल मीडिया पर इस आवेदन को लेकर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं और टिप्पणियां कर रहे हैं। कोई इसे व्यंग्य बता रहा है तो कोई इसे सुशासन तिहार में व्यवस्था पर कटाक्ष के रूप में देख रहा है।

