कोरबा। साइट में जबरन कोयला गिरवाने के पुराने विवाद को लेकर पांडेय रोडलाइंस के एक मुंशी पर कुछ लोगों ने मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। लोहे की रॉड और डंडे से की गई मारपीट में मुंशी का हाथ टूट गया। उपचार और ऑपरेशन के बाद पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित राहुल सिंह पिता नागेंद्र सिंह (32 वर्ष), समलाई मंदिर के पास दीपका का निवासी है और पांडेय रोड लाइंस में मुंशी के रूप में कार्यरत है। कंपनी द्वारा गेवरा परियोजना में कोयला परिवहन का कार्य किया जाता है, जिसकी निगरानी की जिम्मेदारी राहुल सिंह के पास है।
पीड़ित ने बताया कि पूर्व में 19 अप्रैल को रामजय कंपनी के मुंशी राहुल सिंह द्वारा पांडेय रोड लाइंस कंपनी के नंबर वाले कोयले को जबरन अपने फेस की कंपनी में गिरवाया जाता था। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा लगातार डराने-धमकाने और विवाद करने की बात सामने आई थी। इसी विवाद को लेकर 22 अप्रैल की रात विक्रम सिंह ने फोन कर धमकी दी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, रात करीब 11 बजे राहुल सिंह सोनू रेस्टोरेट से कुत्ते का खाना लेकर वापस लौट रहा था। इसी दौरान कटघोरा रोड दीपका स्थित क्रांति दुकान के पास एक स्विफ्ट कार क्रमांक BR 26 AB 8377 से चंदन सिंह, राहुल सिंह और अन्य लोग पहुंचे। आरोप है कि कार से उतरते ही चंदन सिंह ने लोहे की छड़ से हमला कर दिया, जबकि अन्य आरोपियों ने डंडों से मारपीट की।
हमले में राहुल सिंह के बाएं हाथ में गंभीर चोट आई और हाथ टूट गया। इसके अलावा पीठ और कमर पर भी चोटें आई हैं। पीड़ित का आरोप है कि राहुल नामक आरोपी ने कार से ठोकर मारकर उसे गिरा दिया और ज्यादा बहस करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान पीड़ित के साथी मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर विक्रम सिंह, चंदन सिंह, राहुल सिंह एवं अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

