CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा में बड़ा हादसा टला : लहराती रस्सी गले में फंसी, व्यवसायी से मारपीट का आरोप


छत्तीसगढ़ / कोरबा।
शहर की मुख्य सड़कों के किनारे मालवाहक वाहन खड़ा कर लापरवाहीपूर्वक सामान उतारने की वजह से आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां वाहन से सामान उतारते समय घुमाई जा रही रस्सी एक व्यवसायी के गले में फंदे की तरह फंस गई। गनीमत रही कि समय रहते उन्होंने खुद को संभाल लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित राजू साहू पिता स्व. भुल्लन साहू (52 वर्ष), निवासी गुप्ता गली संजय नगर थाना कोतवाली, 14 मई की सुबह करीब 10 बजे अपनी मोटरसाइकिल से सीतामणी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रेमचंद अर्जुन दास दुकान के पास खड़े वाहन क्रमांक CG 12 BM 9790 से सामान उतारा जा रहा था। आरोप है कि चालक और हमाल द्वारा रस्सी को घुमाकर खोला जा रहा था, तभी वह अचानक राजू साहू के गले में फंस गई।

बताया गया कि रस्सी फंसने के बाद राजू साहू करीब 20 से 30 मीटर तक फंदे जैसी स्थिति में घिसटते चले गए और मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े। घटना में उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं।

पीड़ित ने जब वाहन चालक को लापरवाही को लेकर टोका, तब चालक मनोज चन्द्रा और हमाल समीर चौहान ने कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर दी। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

घटना के बाद राजू साहू ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने वाहन क्रमांक CG 12 BM 9790 के चालक महेन्द्र चन्द्रा और समीर चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। साथ ही पीड़ित का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads