ads 90x728

कोरबा को मिली 22 हाईटेक Dial-112 वाहन की सौगात, अब हर आपात स्थिति में मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता


कोरबा। प्रदेश में आधुनिक और त्वरित पुलिस सहायता व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कोरबा जिले को “नेक्स्ट जेन CG Dial-112” सेवा के तहत 22 अत्याधुनिक डायल-112 वाहन प्राप्त हुए हैं। इन हाईटेक वाहनों का शुभारंभ रायपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के कर-कमलों से किया गया।

राज्य के सभी 33 जिलों के लिए शुरू की गई इस आधुनिक सेवा के अंतर्गत 400 से अधिक अत्याधुनिक वाहनों और 32 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसी क्रम में कोरबा जिले को 22 आधुनिक Dial-112 वाहन उपलब्ध कराए गए हैं, जिन्हें जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति में आम नागरिकों को तत्काल सहायता मिल सके।

इन हाईटेक वाहनों में स्मार्टफोन, GPS, वायरलेस रेडियो, PTZ कैमरा, डैश कैमरा, मोबाइल NVR और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। इन सुविधाओं की मदद से घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग, रीयल-टाइम ट्रैकिंग और तेज संचार व्यवस्था सुनिश्चित हो सकेगी। यह सेवा 24 घंटे और सातों दिन आम जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए सक्रिय रहेगी।

“एक्के नम्बर, सब्बो बर…” की थीम पर आधारित Dial-112 सेवा सड़क दुर्घटना, मेडिकल इमरजेंसी, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सहित हर प्रकार की आपात स्थिति में लोगों के लिए राहत का माध्यम बनेगी। नागरिक अब वॉयस कॉल, SMS, ईमेल, वेब पोर्टल, WhatsApp, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के माध्यम से भी सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

कोरबा जिले के लिए इन संसाधनों से लैस वाहनों को प्राप्त करने हेतु जिले के 24 अधिकारी एवं कर्मचारी रायपुर कार्यक्रम में शामिल हुए। पुलिस प्रशासन ने कहा कि Dial-112 केवल एक सेवा नहीं, बल्कि आम जनता के लिए सुरक्षा और भरोसे की लाइफलाइन है। इन वाहनों में तैनात पुलिस अधिकारी और कर्मचारी 24×7 पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आमजन की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे।

कोरबा पुलिस एवं जिला प्रशासन ने राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया है कि संकट की हर घड़ी में लोगों को त्वरित और प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। यह पहल सुरक्षित, संवेदनशील और सशक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads