ads 90x728

Ads-Google

समस्या रूपी कोढ़” में “खाज” बने तार चोर, बिजली विभाग को सवा 2 लाख की चपत

AI जनरेटेड 

कोरबा।
जिले में एक ओर जहां ग्रामीण क्षेत्र की जनता बदहाल बिजली व्यवस्था, बार-बार की कटौती और अधूरी विद्युत योजनाओं की मार झेल रही है, वहीं दूसरी ओर तार चोर गिरोह इन समस्याओं को और गंभीर बनाने में जुटे हुए हैं। हालात ऐसे हैं कि “समस्या रूपी कोढ़” पर अब “खाज” का काम तार चोर कर रहे हैं। इन गिरोहों की वजह से नई विद्युत लाइन योजनाएं प्रभावित हो रही हैं, ग्रामीणों को मिलने वाली सुविधाओं में देरी हो रही है और बिजली विभाग को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में तार चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बताया जा रहा है कि निगरानी बदमाश धरम सिंह राजपूत और राजा खान को जेल भेजे जाने के बाद पुलिस को क्षेत्र में शांति की उम्मीद थी, लेकिन कोयलांचल इलाके में सक्रिय संगठित गिरोह अब भी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। क्षेत्र में डीजल, लोहा, कोयला, तांबा, पाइप और बिजली तार चोरी करने वाले गिरोहों की आपसी सांठगांठ लगातार पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।

सूत्रों की मानें तो इन गिरोहों में शामिल कई युवक समाज में सम्मानित माने जाने वाले लोगों के इशारों पर काम करते हैं। दिन में सामान्य जीवन और रात के अंधेरे में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना इनका तरीका बन चुका है। ऐसे में सफेदपोश सरगनाओं और सक्रिय गिरोहों की जानकारी पुलिस मुखबिर तंत्र को नहीं होना भी सवाल खड़े कर रहा है।

3100 मीटर बिजली तार चोरी, 13 पोल क्षतिग्रस्त

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी, कटघोरा उपसंभाग के सहायक अभियंता रंजित ने बांकीमोंगरा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार कटघोरा ग्रामीण वितरण केंद्र अंतर्गत ग्राम जवाली से ग्राम सिंघाली के बीच देवरी एवं आसपास के गांवों को नई 11 के.व्ही. विद्युत लाइन से जोड़ने का कार्य चल रहा था। लाइन का काम पूर्ण नहीं होने के कारण विद्युत सप्लाई अभी शुरू नहीं की गई थी।

इसी बीच 12-13 मई की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने करीब 1 किलोमीटर क्षेत्र में लगे लगभग 3100 मीटर बिजली तार काटकर चोरी कर लिया। चोरी की घटना को अंजाम देने के दौरान 13 विद्युत पोल (PCC) भी क्षतिग्रस्त कर दिए गए।

बिजली विभाग के अनुसार चोरी किए गए तार की कीमत 1 लाख 86 हजार 270 रुपये तथा क्षतिग्रस्त पोलों की कीमत 41 हजार 548 रुपये आंकी गई है। इस तरह विभाग को कुल मिलाकर लगभग सवा 2 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

पुलिस ने सहायक अभियंता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 136-1(a), 140, 3 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 324(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads