(CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
कोरबा। जिले में सोमवार का दिन “ब्लैक मंडे” साबित हुआ। सुबह से लेकर देर शाम तक अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दर्दनाक हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 4 लोगों ने सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाई। लगातार हुई घटनाओं से पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
दोपहर के समय एक ईंट फैक्ट्री में कार्य के दौरान हादसा हो गया, जहां मलबे में दबने से एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर पिकनिक स्थल सतरेंगा से लौट रहे लोगों से भरा ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इन घटनाओं की खबरें अभी शांत भी नहीं हुई थीं कि देर शाम जवाली-चाकाबुड़ा मार्ग पर एक और दर्दनाक हादसे ने दो युवकों की जान ले ली। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो ग्रामीण अपने गांव लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और चक्काजाम शुरू कर दिया, जो रात 12:30 बजे समाचार लिखे जाने तक जारी रहा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत परिवहन का कारोबार खुलेआम चल रहा है। देर शाम और रात के समय तेज रफ्तार ट्रैक्टरों की आवाजाही से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। हालांकि पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन की पुष्टि नहीं की है और वाहन को अज्ञात बताया जा रहा है, लेकिन ग्रामीण इसे अवैध रेत परिवहन में लगे ट्रैक्टर से जुड़ा मामला मान रहे हैं।
जाम और आक्रोश की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा, कुसमुण्डा, दीपका थाना तथा सर्वमंगला चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।



