जांजगीर। जिले के करही गांव में युवक आयुष कश्यप की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में 55 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस को आरोपियों का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस लगातार जांच और बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों नकाबपोश बदमाश एक ही बाइक पर सवार होकर घटनास्थल से फरार हुए थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार बदमाश हसौद-चिस्दा मार्ग की ओर भागे थे। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने वारदात से पहले युवक आयुष कश्यप का पीछा भी किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर से लेकर करही गांव तक मुख्य मार्गों पर लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है, वहीं कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच के लिए 4 प्रमुख पुलिस टीमें गठित की गई हैं, जिनमें 30 से ज्यादा पुलिसकर्मी शामिल हैं। जांच की मॉनिटरिंग वरिष्ठ अधिकारी स्तर पर की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर रेंज के भी करही गांव पहुंचे थे और अधिकारियों से जांच की जानकारी ली।
गौरतलब है कि यह हत्या की वारदात 23-24 अप्रैल की दरम्यानी रात को हुई थी, जिसके बाद से पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। हालांकि अब तक बदमाश पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

