छत्तीसगढ़ / रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित मैग्नेटो मॉल की पार्किंग में गाड़ी निकालने को लेकर हुए विवाद के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मिरर छत्तीसगढ़ से जुड़ी सोमा देवांगन, रोहन नरवाल उर्फ रॉकी बॉक्सर और उनकी साथी गरिमा को गिरफ्तार किया है। मामले में बाद में कोर्ट के निर्देश पर सोमा देवांगन और गरिमा को जमानत दे दी गई, जबकि आरोपी रोहन उर्फ रॉकी बॉक्सर को जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 9 मई की रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच की है। शिक्षिका धनिशा धीवर अपने परिवार और बच्चों के साथ मैग्नेटो मॉल घूमने पहुंची थीं। वापस लौटते समय उनका परिवार बोलेरो वाहन क्रमांक CG 04 JC 1581 को पार्किंग से बाहर निकाल रहा था। इसी दौरान कार क्रमांक CG 04 NH 9699 में सवार रोहन, सोमा और गरिमा वहां पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि कार से उतरते ही रोहन नरवाल ने गोपेश साहू को “गांव का गंवार” कहकर अपमानित किया और कहा कि “ऐसे लोगों को मॉल में एंट्री कौन देता है?” शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने खुद को एक मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़ा बताते हुए रौब झाड़ा।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रोहन उर्फ रॉकी बॉक्सर अपनी कार से हॉकी निकाल लाया और मारपीट की धमकी देने लगा। इस दौरान गोपेश साहू के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। बीच-बचाव के दौरान गोपेश के पैर में चोट आई, वहीं शिक्षिका के बेटे अरमान धीवर के हाथ में भी चोट लगने की बात सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। सोमवार को तेलीबांधा पुलिस ने नोटिस जारी कर सोमा देवांगन और गरिमा को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। बयान दर्ज करने और पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इधर, शिक्षक परिवार के समर्थन में बजरंग दल के कार्यकर्ता भी देर रात तेलीबांधा थाने पहुंचे। संगठन के सदस्यों ने आरोपी रोहन, संबंधित इंफ्लूएंसर और उनके कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

