सक्ती में ASI और बिलासपुर में बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार, ACB की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप

CG.ई ख़बर


छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सक्ती जिले के चन्द्रपुर में पदस्थ ASI एसएन मिश्रा को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया, वहीं बिलासपुर में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कार्यालय के सहायक ग्रेड-3 विजय पांडेय को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। दोनों कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर के करगी रोड कोटा निवासी देवेंद्र कश्यप ने ACB कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह कोटा क्षेत्र में होटल संचालित करता है। अगस्त 2025 में फूड सेफ्टी विभाग की जांच के दौरान होटल में पेड़ा खुले में मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, जो अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं न्याय निर्णयन अधिकारी बिलासपुर की अदालत में लंबित था।

शिकायत में बताया गया कि कार्यालय में पदस्थ बाबू विजय पांडेय ने जुर्माना राशि एक लाख रुपए तक होने की बात कहकर उसे 30 हजार रुपए तक कम कराने के एवज में 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। आरोपी बाबू शिकायतकर्ता से पहले ही 5 हजार रुपए ले चुका था, जबकि शेष 15 हजार रुपए लेने के लिए उसे कार्यालय बुलाया गया था।

ACB ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई। शनिवार 10 मई 2026 को जैसे ही शिकायतकर्ता ने कार्यालय में विजय पांडेय को 15 हजार रुपए दिए, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।

सूत्रों के मुताबिक आरोपी विजय पांडेय के खिलाफ लगातार रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। फिलहाल आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

वहीं दूसरी ओर सक्ती जिले के चन्द्रपुर में पदस्थ ASI एसएन मिश्रा को भी 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए ACB ने गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

3/related/default