जांजगीर-चांपा का रहने वाला था मृतक, तीन साल से पत्नी के साथ कोरबा में रहकर करता था नौकरी
कोरबा। शहर के सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोहड़िया नाला के पास शनिवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव सड़क किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम तथा डॉग स्क्वाड की मदद से जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में मामला धारदार हथियार से हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटनास्थल पर खून के धब्बे और शव को घसीटे जाने जैसे निशान भी मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या करने के बाद शव को झाड़ियों में फेंका गया है।
मृतक की पहचान बसंत पटेल (37 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक स्थित सोनसरी गांव का निवासी था। पिछले करीब तीन वर्षों से वह कोरबा के दुरपा सर्वमंगला बरमपुर क्षेत्र में किराये के मकान में पत्नी के साथ रह रहा था। बसंत इंडस्ट्रियल एरिया स्थित संजय फैक्ट्री में काम करता था।
परिजनों के अनुसार, बसंत शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे फैक्ट्री जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह उसकी हत्या की सूचना मिलने पर परिवार और परिचितों में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी यह भी सामने आई है कि बसंत दो दिन पहले ही अपने छोटे भाई की शादी में शामिल होकर गांव से कोरबा लौटा था। उसकी पत्नी और बच्चे फिलहाल गांव में ही मौजूद हैं। बसंत की पत्नी बरमपुर के एक निजी स्कूल में शिक्षिका बताई जा रही है।
घटना के बाद पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि हत्या के आरोपियों तक पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।


