ads 90x728

हरदीबाजार में अनिल राठौर का आतंक, महिला नेत्री के घर हमला और पानी सप्लाई ठप करने से मचा बवाल


हरदीबाजार/कोरबा।
ग्राम पंचायत हरदीबाजार में पेयजल व्यवस्था बाधित करने, पंचायत कर्मियों से मारपीट करने और भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पर हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और पीड़ित महिला नेत्री ने थाना हरदीबाजार में लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी अनिल राठौर के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

महिला मोर्चा की जिला महामंत्री के घर पहुंचकर दी धमकी

भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री श्रीमती अनुसूईया राठौर ने शिकायत में बताया कि 22 मई 2026 की रात करीब 8 बजे अनिल राठौर अपने दो साथियों के साथ उनके घर पहुंचा। उस समय घर में केवल वह और उनकी पुत्री मौजूद थीं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे। आरोप है कि आरोपी ने बंद दरवाजे को लात-घूंसों से तोड़ने की कोशिश की और अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के अनुसार आरोपी ने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को आग लगाने की धमकी भी दी। घटना के बाद महिला नेत्री और उनका परिवार दहशत में है। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने इस घटना को महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवाल बताया है।


पंचायत की जल आपूर्ति रोकने का आरोप

घटना से पहले शाम करीब 6 बजे आरोपी द्वारा पंचायत की पेयजल व्यवस्था बाधित करने का मामला भी सामने आया। ग्राम पंचायत हरदीबाजार के सरपंच लोकेश्वर सिंह कंवर, उपसरपंच और सचिव ने संयुक्त शिकायत में बताया कि SECL दीपका परियोजना के तहत गांव में टैंकरों से पेयजल आपूर्ति की जाती है।

आरोप है कि अनिल राठौर ने बीच रास्ते में पानी सप्लाई कर रहे टैंकर को रोक लिया और पानी वितरण कार्य की निगरानी कर रहे मुंशी जय कुमार साहू तथा चालक ओमप्रकाश रोहिदास के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस घटना के कारण पंचायत की जल आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई और भीषण गर्मी में ग्रामीणों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा।


टैंकर चालक ने सुनाई आपबीती

ट्रैक्टर क्रमांक CG 22 U 8421 के चालक ओमप्रकाश रोहिदास ने भी थाना हरदीबाजार में अलग से शिकायत दर्ज कराई है। चालक ने बताया कि वह SECL गेवरा क्षेत्र से टेंडर का पानी लेकर उमेंदीभांठा जा रहा था। इसी दौरान शिक्षक नगर स्थित हरि साइकिल स्टोर के पास आरोपी ने रास्ता रोक लिया और दूसरे क्षेत्र में पानी खाली करने का दबाव बनाया।

जब चालक ने निर्धारित क्षेत्र में पानी सप्लाई की बात कही तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। चालक ने आरोप लगाया कि ड्यूटी के दौरान उसके साथ अभद्र व्यवहार कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई।

क्षेत्र में उबाल, गिरफ्तारी की मांग तेज

महिला नेत्री के घर पर हमले और पंचायत की जल आपूर्ति ठप करने की दोहरी घटना के बाद हरदीबाजार क्षेत्र में तनाव का माहौल है। ग्राम पंचायत, भाजपा संगठन और ग्रामीणों ने आरोपी एवं उसके सहयोगियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ सकती है।

शायरी

“जो प्यासों का पानी रोके, जो घरों में डर फैलाए,
कानून की लाठी फिर एक दिन, ऐसे सिर पर ही बरस जाए।”

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads