CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

पुल चोरी के आरोपी ‘बरबट्टी’ पर चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल के बीच ढहाया गया अवैध निर्माण


“जिनके महलों की नींव ही गलत कामों पर टिकी हो,

वक्त का बुलडोजर एक दिन वहां जरूर चलता है…”

(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)

कोरबा, 21 मई 2026। कोरबा शहर में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चर्चित कबाड़ी और पुल चोरी मामले के मुख्य आरोपी मुकेश साहू उर्फ “बरबट्टी” के अवैध निर्माण पर प्रशासन का बुलडोजर गरज उठा। नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में 150 से अधिक पुलिस जवानों की मौजूदगी में उसके दो मंजिला अवैध भवन को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की गई।

कार्रवाई को लेकर सुबह से ही इलाके में भारी तनाव का माहौल बना रहा। प्रशासनिक टीम के पहुंचने से पहले ही बरबट्टी ने रास्ता रोकने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उसने घर के बाहर खड़े कई वाहनों के टायर निकालकर सड़क पर ही वाहन खड़े कर दिए, ताकि बुलडोजर और प्रशासनिक अमला मौके तक न पहुंच सके। लेकिन पुलिस और निगम की टीम ने सख्ती दिखाते हुए रास्ता साफ कराया और कार्रवाई शुरू कर दी।

जैसे ही बुलडोजर दो मंजिला मकान के करीब पहुंचा, परिवार के सदस्य और समर्थक विरोध में उतर आए। महिलाओं समेत परिवार के लोगों ने जमकर हंगामा किया और कार्रवाई रोकने का प्रयास किया। कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन पहले से तैनात भारी पुलिस बल ने मोर्चा संभाल लिया और विरोध के बीच अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलता रहा।

मुकेश साहू उर्फ बरबट्टी वही नाम है, जो कोरबा के चर्चित पुल चोरी मामले के बाद सुर्खियों में आया था। कबाड़ कारोबार की आड़ में लंबे समय से अवैध गतिविधियों में शामिल होने के आरोप उस पर लगते रहे हैं। शहर के अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। इसके अलावा अवैध कब्जा कर गोदाम और दुकानें संचालित करने के आरोप भी उस पर लगे हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रशासन उसके गोदाम को सील कर चुका है। अब अवैध निर्माण पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को प्रशासन की बड़ी और सख्त कार्रवाई माना जा रहा है। शहर में इसे अपराध और अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन के कड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads