CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

पुलिस प्रशासन को भूपेश बघेल की चेतावनी, बोले – “सरकार बदलती रहती है, सब याद रखा जाएगा”


सूरजपुर। भूपेश बघेल ने नगरीय निकाय चुनाव प्रचार के दौरान पुलिस प्रशासन को लेकर तीखा बयान देकर प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। सूरजपुर जिले में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने टीआई से लेकर एसपी और आईजी स्तर के अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि “सरकार आती-जाती रहती है, लेकिन टीआई समझ लें कि हमारी भी सरकार आएगी, तब हम भी सब याद रखेंगे।”

सभा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं के खिलाफ प्रशासन सत्ता के दबाव में कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।

भूपेश बघेल ने मंच से कांग्रेस नेताओं के संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता धरने पर बैठ सकते हैं, तो कांग्रेस ने “चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं।” उनके इस बयान पर सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार समर्थन भी जताया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को निष्पक्ष तरीके से काम करने की नसीहत देते हुए कहा कि लोकतंत्र में सत्ता स्थायी नहीं होती और अधिकारियों को जनता तथा संविधान के प्रति जवाबदेह रहना चाहिए।

भूपेश बघेल के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। राजनीतिक गलियारों में इसे प्रशासन पर दबाव बनाने वाला बयान माना जा रहा है, वहीं कांग्रेस समर्थक इसे विपक्ष की लोकतांत्रिक आवाज बता रहे हैं। आने वाले दिनों में इस बयान को लेकर सियासी प्रतिक्रियाएं और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads