पेंड्रा। के कोटमी हाट-बाजार में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब तीन अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी व्यापारी प्रदीप सोनी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यापारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटमी चौकी के साप्ताहिक हाट-बाजार में प्रदीप सोनी अपनी ज्वेलरी दुकान लगाए हुए थे। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश अचानक वहां पहुंचे और बेहद करीब से उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही प्रदीप सोनी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फायरिंग की आवाज से बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तेजी से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर व्यापारी को निशाना बनाया।
घटना की सूचना मिलते ही कोटमी चौकी और पेंड्रा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। मौके से खून के निशान और खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
इस हत्याकांड के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। वहीं पुलिस प्रशासन ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

