CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

ओवरलोड कोयला ट्रेलर बना मौत का कारण: भाई-बहन की दर्दनाक मौत, चालक मौके से फरार

जांजगीर-चाम्पा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ठड़गाबहरा और बिरगहनी मोड़ के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। तेज रफ्तार और कथित रूप से ओवरलोड कोयला लदे ट्रेलर के पलटने से बाइक सवार भाई-बहन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बिरगहनी निवासी संजय कुर्रे (18 वर्ष) अपनी बड़ी बहन अंजूलता कुर्रे (25 वर्ष) के साथ किसी काम से बलौदा गए हुए थे। अंजूलता की शादी करीब एक वर्ष पहले खैजा निवासी मनीष लहरे के साथ हुई थी और वह इन दिनों अपने मायके आई हुई थी। दोनों भाई-बहन बाइक से लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर जा रहा एक ट्रेलर बिरगहनी मोड़ के पास तेज रफ्तार में पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन ओवरलोड था और मोड़ काटते समय अनियंत्रित होकर सीधे बाइक सवार भाई-बहन के ऊपर पलट गया। भारी वाहन और कोयले के नीचे दबने से दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर के नीचे दबे शवों को बाहर निकाला गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे ओवरलोड वाहनों और तेज रफ्तार परिवहन पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads