CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: 15 संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी, 14 वाहन जब्त


(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)

कोरबा, 06 जून 2026। जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर 14 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई जिला कलेक्टर के निर्देश तथा उप संचालक, खनिज प्रशासन के मार्गदर्शन में गठित दो खनिज उड़नदस्ता दलों द्वारा विशेष जांच अभियान के तहत की गई।

अभियान के दौरान सीतामढ़ी, कपाटमुड़ा, सुराकछार, नरईबोध, रैंकी, कुदुरमाल, बरमपुर, बांकीमोंगरा, सुमेधा, कुमगरी, घनाकछार, कटघोरा, कछार, दर्री एवं धवईपुर क्षेत्रों में सघन निरीक्षण कर अवैध उत्खनन एवं परिवहन गतिविधियों की जांच की गई।

जांच के दौरान कपाटमुड़ा, नरईबोध, रैंकी, कुदुरमाल, सुराकछार, दर्री, बांकीमोंगरा सहित अन्य क्षेत्रों में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन करते पाए गए वाहनों पर कार्रवाई की गई। विभाग ने 1 चैन माउंटेन मशीन, 9 ट्रैक्टर, 2 हाइवा और 2 टीपर सहित कुल 14 वाहनों को जब्त किया है।

जब्त वाहनों को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए कुसमुंडा, हरदीबाजार, दर्री एवं बांकीमोंगरा थाना सहित खनिज जांच नाका उरगा में अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले में अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा शासकीय राजस्व को होने वाली क्षति को रोकना है। विभाग द्वारा अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों और अन्य वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

— CG ई खबर | आपकी आवाज, आपकी खबरें 24x7

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads