(CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
कोरबा, 6 जून 2026। जिला प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दादरखुर्द क्षेत्र में लगभग 5 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कोरबा के नेतृत्व में राजस्व विभाग एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने सरकारी जमीन पर बनाए गए अवैध बाउंड्री वॉल पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद दादरखुर्द सहित जिलेभर के भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
जानकारी के अनुसार, दादरखुर्द के मानिकपुर डिपरापारा क्षेत्र में तेजी से हो रहे शहरीकरण के चलते जमीनों की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। इसी का फायदा उठाकर कुछ भू-माफियाओं ने करीब 5 एकड़ शासकीय भूमि पर कब्जा कर अवैध प्लाटिंग कर दी थी। आरोप है कि उक्त भूमि को कई लोगों को करोड़ों रुपये में बेच दिया गया था, जिसके बाद खरीदारों द्वारा वहां पक्की बाउंड्री वॉल का निर्माण भी करा लिया गया था।
मामले की शिकायत कलेक्टर कोरबा तक पहुंचने पर जांच कराई गई। जांच में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया और भूमि को शासकीय अभिलेखों के अनुसार मुक्त कराया।
सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आ रही है कि इस पूरे प्रकरण में कुछ जमीन दलालों और प्रभावशाली लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक किसी व्यक्ति विशेष के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में जांच पूरी होने तक किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा है कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा, प्लाटिंग और बिक्री के मामलों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
CG ई खबर लगातार इस मामले की हर अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।

