CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

रायगढ़ में "ऑपरेशन प्रहार" की बड़ी कार्रवाई: 2.85 टन संदिग्ध कबाड़ और पिकअप वाहन जब्त, ₹6.85 लाख की संपत्ति सीज


रायगढ़ | CG ई खबर:
जिले में अवैध कबाड़ कारोबार पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत थाना पूंजीपथरा एवं साइबर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.85 टन संदिग्ध कबाड़ और एक पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹6.85 लाख बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 22 जून 2026 की शाम सूचना मिली थी कि ग्राम पूंजीपथरा एवं आसपास के क्षेत्रों में एक व्यक्ति अवैध रूप से कबाड़ की खरीदी-बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना पूंजीपथरा और साइबर पुलिस की टीम ने ग्राम पूंजीपथरा बस्ती में दबिश दी।

कार्रवाई के दौरान पिकअप वाहन क्रमांक CG-13-UJ-2186 में कबाड़ खरीदते हुए एक व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम बलवंत सारथी (40 वर्ष), पिता सुंदरलाल सारथी, निवासी ग्राम हाटी, थाना छाल, जिला रायगढ़ बताया।

जांच के दौरान वाहन में करीब 2.85 टन संदिग्ध कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत ₹85,500 है, बरामद किया गया। कबाड़ से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने और चोरी की संपत्ति होने की आशंका के आधार पर पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कबाड़ के साथ लगभग ₹6 लाख मूल्य का पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया। इस तरह कुल ₹6,85,500 की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली।

इस मामले में थाना पूंजीपथरा में आरोपी बलवंत सारथी के विरुद्ध धारा 35(क), 35(ड) BNSS एवं धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि "ऑपरेशन प्रहार" के तहत जिले में अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads