(CG ई खबर | जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित हंड्रेड बेड कॉलोनी में तलाकशुदा पत्नी को धमकाने और उसके घर पहुंचकर हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोपी पूर्व पति ने कथित तौर पर एयर गन को असली पिस्टल बताकर महिला और उसके परिवार को डराने की कोशिश की तथा महिला को थप्पड़ भी मार दिया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसके मामा को गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम विवाह के बाद हुआ था तलाक
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) के अनुसार, बिलासपुर निवासी सतीश कश्यप और पीड़िता ने करीब एक वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। वैवाहिक जीवन में विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने न्यायालय के माध्यम से कानूनी रूप से तलाक ले लिया था। इसके बावजूद आरोपी लगातार पूर्व पत्नी से मिलने और विवाद करने उसके घर पहुंचता रहा।
घर पहुंचकर किया हंगामा
पीड़िता चिकित्सा विभाग में कार्यरत है और अपने पिता के साथ हंड्रेड बेड कॉलोनी में रहती है। परिजनों के अनुसार, आरोपी पहले अपनी मां और मामा के साथ कुछ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के सिलसिले में घर आया था। बाद में सभी चले गए, लेकिन आरोपी दोबारा अकेले घर पहुंच गया और महिला से मिलने की जिद करने लगा।
महिला उस समय कमरे में थी। बाहर आने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसे थप्पड़ मार दिया। विरोध करने पर उसने एयर गन को असली पिस्टल बताकर डराने का प्रयास किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पूर्व पति तथा उसके मामा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान बरामद हथियार एयर गन (नकली पिस्टल जैसी दिखने वाली) निकला। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने कहा है कि तलाक के बाद किसी भी प्रकार की जबरन मुलाकात, धमकी, मारपीट या उत्पीड़न कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में पीड़ित पक्ष तुरंत पुलिस से संपर्क करे, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।


