रायपुर/कोरिया, 18 जून 2026। छत्तीसगढ़ में वन्यप्राणियों की सुरक्षा और शिकारियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा संचालित एंटी स्नेयर वॉक (फंदा हटाओ अभियान) के तहत कोरिया वनमण्डल में बड़ी सफलता हासिल हुई है। बाघ विचरण क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान वन विभाग की टीम ने एक संदिग्ध झोपड़ी को ध्वस्त कर वहां छिपाकर रखा गया वन्यप्राणियों के शिकार में उपयोग होने वाला भारी मात्रा में तार जब्त किया है।
वन विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई 17 जून 2026 को अभियान के दौरान की गई। जब्त किए गए तार का उपयोग वन्यजीवों को फंदे में फंसाने के लिए किया जाना था। समय रहते की गई कार्रवाई से शिकारियों की योजना विफल हो गई।
छत्तीसगढ़ के ने वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा है कि फील्ड स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग के अनुसार, के नेतृत्व में प्रदेशभर में एंटी स्नेयर वॉक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। विभाग की टीमें लगातार जंगलों में गश्त कर रही हैं और वन्यजीवों के लिए खतरा बने अवैध फंदों को हटाने के साथ-साथ शिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई कर रही हैं।
शिकारियों में बढ़ा खौफ
वन विभाग की सक्रियता का असर अब जंगलों में साफ दिखाई देने लगा है। अभियान के तहत लगातार फंदे बरामद किए जा रहे हैं और वन्यजीवों के शिकार में संलिप्त लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। विभाग का कहना है कि लगातार कार्रवाई से शिकारियों में भय का माहौल बना है, जबकि वन्यजीवों की सुरक्षा पहले की तुलना में अधिक मजबूत हुई है।
वन विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं वन्यप्राणियों के शिकार या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि वन्यजीवों के संरक्षण के लिए समय रहते कार्रवाई की जा सके।


