बलौदाबाजार। ग्राम मटिया में शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामले में पुलिस चौकी गिरौदपुरी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत एक बालक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर प्रार्थी के साथ मारपीट करने और हत्या की नीयत से चाकू से हमला कर घायल करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बृजेश बंजारे, निवासी ग्राम मटिया ने 3 जून 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 जून को गांव में आयोजित एक शादी के चुलमाटी कार्यक्रम के दौरान डीजे वाहन तेज आवाज में चलाने को लेकर आरोपियों से विवाद हुआ था। इसी रंजिश को लेकर उसी रात करीब 10:30 बजे आरोपी अपने एक साथी के साथ प्रार्थी के दोस्त के घर के बाहर पहुंचे और अश्लील गाली-गलौज करते हुए बेल्ट, हाथ-मुक्कों से मारपीट की।
आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने हत्या करने की नीयत से चाकू से वार कर प्रार्थी को घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत धारा 296, 109(1) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक श्री ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में चौकी गिरौदपुरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। जांच के दौरान विधि से संघर्षरत एक बालक सहित दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने डीजे को तेज आवाज में चलाने के विवाद के चलते आवेश में आकर चाकू, बेल्ट और अन्य वस्तुओं से हमला करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी दीपांशु टंडन (21 वर्ष), निवासी ग्राम मटिया तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

