ads 90x728


Ads-Google

दीपका खदान में लोहा चोरी की कोशिश नाकाम, CISF ने आरोपी को दबोचा; 3 रोलर बरामद


(CG ई खबर : प्रमुख संपादक ओम प्रकाश पटेल)

कोरबा। जिले की दीपका खदान में लोहा चोरी की एक बड़ी कोशिश को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने अपनी सतर्कता से विफल कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि चोरी के 3 कीमती लोहे के रोलर भी बरामद किए गए हैं। मामले में 4 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 29 जून 2026 की है। दीपका माइंस क्षेत्र के बेल्ट नंबर-15 स्थित ACB क्रॉसिंग पर तैनात CISF के एक जवान ने सुबह करीब 5:15 बजे एक संदिग्ध युवक को लोहे के रोलर ले जाते हुए देखा। जवान ने तत्काल सूझबूझ और सतर्कता दिखाते हुए घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) के सुपुर्द कर दिया गया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान आकाश दास, पिता दीपेश दास, निवासी बेलटिकरी के रूप में हुई। आरोपी की निशानदेही पर CISF और QRT की संयुक्त टीम ने WB-27 क्षेत्र के पास से चोरी के 3 लोहे के रोलर बरामद किए।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि इस चोरी की वारदात में उसके साथ 4 अन्य साथी भी शामिल थे। इसके बाद CISF और स्थानीय पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश के लिए सघन अभियान शुरू कर दिया है।

CISF की इस त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की अधिकारियों ने सराहना की है। समय रहते कार्रवाई होने से सरकारी संपत्ति की चोरी रोकी जा सकी और एक संगठित चोरी गिरोह का सुराग भी मिला है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads