CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कुछ घंटों में बदल गए कोतवाली टीआई, पुलिस महकमे में चर्चाओं का दौर तेज


कोरबा।
कोरबा जिला पुलिस महकमे में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के एक प्रशासनिक आदेश ने अधिकारियों के साथ-साथ शहरवासियों को भी हैरानी में डाल दिया है। महज कुछ घंटों के भीतर कोतवाली थाना प्रभारी का बदल जाना अब चर्चा का विषय बन गया है।

जानकारी के अनुसार, 29 जून 2026 को जारी प्रशासनिक आदेश में कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी को कोरबा कोतवाली का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया था। वहीं, कोतवाली टीआई बी. पटेल को कटघोरा थाना की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

पदस्थापना आदेश के बाद निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी ने मंगलवार सुबह कोतवाली पहुंचकर विधिवत कार्यभार भी ग्रहण कर लिया। लेकिन दिन ढलते-ढलते एक और आदेश जारी हुआ, जिसमें उन्हें रक्षित केंद्र भेज दिया गया। वहीं हरदी बाजार थाना के पूर्व प्रभारी निरीक्षक प्रमोद डडसेना को रक्षित केंद्र से हटाकर कोतवाली थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी गई।

महज कुछ घंटों के भीतर हुए इस अप्रत्याशित बदलाव ने पुलिस महकमे और शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। विभिन्न स्तरों पर इस फैसले को लेकर अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। कुछ लोग इसे राजनीतिक हस्तक्षेप का परिणाम बता रहे हैं, तो कुछ इसे किसी संगठन विशेष के दबाव में लिया गया निर्णय मान रहे हैं।

हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसे प्रशासनिक व्यवस्था के तहत लिया गया निर्णय माना जा रहा है। लेकिन सवाल यह उठ रहा है कि आखिर ऐसा कौन-सा प्रशासनिक कारण उत्पन्न हुआ, जिसके चलते कुछ घंटे पहले पदभार संभालने वाले थाना प्रभारी को तत्काल बदलना पड़ा।

इस संबंध में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनसे चर्चा नहीं हो सकी। यदि पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया या स्पष्टीकरण प्राप्त होता है, तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads