CG ई खबर डॉनेट



Ads-Google

बहराइच में दर्दनाक हादसा: धान रोपाई के दौरान 12 वर्षीय मासूम को मगरमच्छ ने बनाया शिकार, देर रात मिला क्षत-विक्षत शव




बहराइच (उत्तर प्रदेश)।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बौंडी थाना क्षेत्र के टिकुरी गांव में घाघरा नदी किनारे धान की रोपाई के दौरान 12 वर्षीय मासूम सुनील सिंह मगरमच्छ का शिकार बन गया। नदी पर हाथ-मुंह धोने गए बच्चे को मगरमच्छ ने अचानक अपने शक्तिशाली जबड़ों में दबोच लिया और देखते ही देखते गहरे पानी में खींच ले गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुनील सिंह अपने चाचा विजय राज सिंह के साथ खेत में धान की रोपाई करने गया था। काम के दौरान वह पास बह रही घाघरा नदी पर हाथ-मुंह धोने पहुंचा, तभी नदी में पहले से मौजूद मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया। मासूम की चीख-पुकार सुनकर चाचा और आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़े। लोगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से मगरमच्छ पर हमला कर बच्चे को छुड़ाने की भरसक कोशिश की, लेकिन मगरमच्छ उसे नदी के भीतर ले गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। देर रात चले अभियान के बाद नदी से मासूम का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

थाना अध्यक्ष त्रिलोकी नाथ मौर्य ने बताया कि मगरमच्छ ने बच्चे के दाहिने पैर का घुटने के नीचे का हिस्सा और पेट का कुछ भाग खा लिया था। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।

मृतक के चाचा विजय राज सिंह ने बताया कि सुनील के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। वह अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और वन विभाग से नदी किनारे मगरमच्छों के बढ़ते खतरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads

CG ई खबर
डिजिटल मीडिया
ओम प्रकाश पटेल
ओम प्रकाश पटेल
संस्थापक / संपादक