कोरबा। कटघोरा विधानसभा क्षेत्र में निर्माण कार्यों, ठेकेदारी और कथित राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। विधायक प्रेमचंद पटेल के गृह ग्राम पंचायत उत्तरदा के रेलडबरी मोहल्ले से शुरू हुआ यह मामला अब पत्रकार की सुरक्षा तक पहुंच गया है।
भाजपा के पूर्व झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ महामंत्री एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता लालसाय कौशिक ने विधायक के करीबी बताए जाने वाले दिलीप पटेल की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए रेलडबरी स्कूल में निर्माणाधीन शेड एवं सीसी रोड की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि क्षेत्र के कई निर्माण कार्यों में स्थानीय लोगों की अनदेखी की जा रही है तथा अधिकांश कार्यों में दिलीप पटेल का नाम सामने आता है।
![]() |
| SP को दिया गया आवेदन |
इसी बीच सुघर गांव के जिला ब्यूरो चीफ विष्णु कुमार यादव ने भी पुलिस अधीक्षक कोरबा को लिखित आवेदन सौंपकर गंभीर आरोप लगाए हैं। आवेदन के अनुसार, उन्होंने दिलीप पटेल से जुड़े कथित मामलों को लेकर लगातार समाचार प्रकाशित किए। आवेदन में दावा किया गया है कि इन खबरों के प्रकाशन के बाद उन्हें दिलीप पटेल की ओर से धमकियां मिलने लगीं। इसके बाद उन्हें अपने शुभचिंतकों और परिचितों से यह जानकारी मिली कि उनके साथ मारपीट अथवा जान से मरवाने की साजिश रची जा सकती है। इसी आशंका के चलते उन्होंने स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक से संरक्षण और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उधर, लालसाय कौशिक ने यह भी आरोप लगाया है कि दिलीप पटेल कई स्थानों पर स्वयं को विधायक प्रेमचंद पटेल का दामाद बताकर प्रभाव स्थापित करने का प्रयास करते हैं। उनका कहना है कि दिलीप पटेल की कार्यशैली से भाजपा के कई पुराने एवं समर्पित कार्यकर्ता स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
अब उठ रहे हैं बड़े सवाल...
- क्या पत्रकार द्वारा लगाए गए धमकी के आरोपों की पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी?
- क्या निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की तकनीकी जांच होगी?
- क्या कथित प्रभाव का उपयोग सरकारी कार्यों में किया गया?
- क्या संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि इन आरोपों पर अपना पक्ष रखेंगे?
महत्वपूर्ण: इस समाचार में उल्लेखित आरोप संबंधित व्यक्तियों द्वारा आवेदन और बयानों में लगाए गए हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। CG ई खबर निष्पक्ष पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करते हुए विधायक प्रेमचंद पटेल एवं दिलीप पटेल का पक्ष भी प्रमुखता से प्रकाशित करेगा। यदि उनका जवाब प्राप्त होता है, तो समाचार को तत्काल अपडेट किया जाएगा।



