रायगढ़ | CG ई खबर : रायगढ़ जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब जिलाबदर घोषित आरोपी चाहत शुक्ला पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंच गया और वहां हंगामा करने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। बाद में न्यायालय में पेश करने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी चाहत शुक्ला आपराधिक प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए जिला दंडाधिकारी द्वारा उसे दो बार जिलाबदर किया जा चुका है। इसके बावजूद उसने जिलाबदर आदेश का उल्लंघन करते हुए रायगढ़ जिले में प्रवेश किया और सीधे पुलिस कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी अपने साथ पेट्रोल की बोतल लेकर SP कार्यालय पहुंचा था, जिससे पुलिस और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए किसी भी अप्रिय घटना से पहले ही उसे काबू कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जिलाबदर आदेश का उल्लंघन, शांति भंग करने और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस घटना के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने और जिलाबदर आदेश की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


