CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा: सतरेंगा में पिकनिक बना मातम, नदी में डूबे एसईसीएल कर्मी का 24 घंटे बाद मिला शव


कोरबा।
जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सतरेंगा में पिकनिक मनाने गए एक युवा एसईसीएल कर्मी की नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। रविवार को हुई इस घटना के बाद सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बरामद किया।

मृतक की पहचान 24 वर्षीय सुभांशु ध्रुव के रूप में हुई है, जो कोरबा निवासी थे और एसईसीएल कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशॉप में पिछले ढाई वर्षों से कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, सुभांशु अपने पांच दोस्तों के साथ सतरेंगा घूमने गए थे। सभी दोस्त नदी के बीच बने एक टापू तक जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान वापस लौटते समय सुभांशु गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी में डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर सेना की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची, लेकिन रविवार को अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सोमवार सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया और काफी प्रयासों के बाद सुबह करीब 11:30 बजे उनका शव नदी से बाहर निकाला गया।

लेमरू थाना प्रभारी सुमन पोया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। फिलहाल शव को एसईसीएल अस्पताल की मर्चुरी में रखा गया है। मंगलवार को मृतक की मां के कोरबा पहुंचने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

चार साल पहले पिता का निधन, अब बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुभांशु ध्रुव के परिवार के लिए यह दूसरी बड़ी त्रासदी है। करीब चार वर्ष पहले उनके पिता का निधन हो गया था, जिसके बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति के तहत एसईसीएल में नौकरी मिली थी। अब बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।

बरसात में जलाशयों से दूरी बनाए रखने की अपील

घटना के बाद सतरेंगा पहुंचे अन्य पर्यटकों में भी चिंता का माहौल देखा गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में नदी, बांध और जलाशयों के गहरे हिस्सों में जाने से बचें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads