ads 90x728

Ads-Google

कोरबा: बहुचर्चित राज ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक अब भी फरार


कोरबा।
जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित राज ज्वेलर्स, छुरी लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टे का इस्तेमाल किया था। गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले भी हत्या, दुष्कर्म और अन्य गंभीर अपराधों में जेल जा चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपी

  • गोपाल सिंह गोंड (38 वर्ष), निवासी ग्राम घुचापुर, चौकी कोरबी, थाना पसान, जिला कोरबा।
  • परदेशी राठिया (40 वर्ष), निवासी ग्राम जिलगा (बरपाली), थाना श्यांग, जिला कोरबा।

फरार आरोपी

  • विष्णु प्रसाद राठिया, निवासी ग्राम कोलगा, थाना करतला, जिला कोरबा।

मामले में अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत धारा 309(6), 61(2)(क) बीएनएस एवं 25 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश कुमार ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में थाना कटघोरा और साइबर पुलिस थाना कोरबा की संयुक्त टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

ग्राहक बनकर पहुंचे, फिर कट्टा दिखाकर की लूट

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1 बजे राजकुमार अग्रवाल अपनी राज ज्वेलर्स दुकान में अकेले मौजूद थे। तभी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल से तीन बदमाश ग्राहक बनकर पहुंचे। तीनों ने गमछे से अपना चेहरा ढंक रखा था, जिनमें एक आरोपी महिला के भेष में था।

आरोपियों ने पहले चांदी की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकानदार को काउंटर तक बुलाया। इसी दौरान एक आरोपी ने दुकान का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया, जबकि दूसरे ने देशी कट्टा निकालकर दुकानदार की छाती पर तान दिया। आरोपियों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डालने का भी प्रयास किया और छीना-झपटी के दौरान दुकान में रखे आभूषण बैग में भरकर लूट लिए।

घटना के बाद कटघोरा पुलिस और साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली सूचना और लगातार की गई जांच के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल और देशी कट्टा भी बरामद कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads