CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

दानपत्र के लिए बुजुर्ग दंपती की हत्या! करोड़ों की संपत्ति हड़पने की साजिश का सनसनीखेज खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार


भोपाल।
राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र में हुए चर्चित डबल मर्डर केस का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के लिए पहले बुजुर्ग दंपती से कथित रूप से धोखाधड़ी कर दानपत्र (गिफ्ट डीड) अपने नाम कराया और फिर पूरी संपत्ति पर स्थायी कब्जा जमाने की नीयत से उनकी हत्या की साजिश रच डाली।

पुलिस के अनुसार, 24 जून को आरोपियों ने हेमंत फिलेमोन और उनकी पत्नी शकुंतला फिलेमोन की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद 27 जून को ऐशबाग के ओल्ड सुभाष नगर स्थित डॉ. आंबेडकर कॉलोनी में उनके घर के एक कमरे से दोनों के शव बरामद हुए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

1500 से ज्यादा CCTV और 100 से अधिक लोगों से पूछताछ

इस ब्लाइंड मर्डर केस को सुलझाने के लिए पुलिस ने बड़ी जांच टीम गठित की। जांच के दौरान 1500 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई और 100 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।

संपत्ति हड़पने की थी साजिश

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने पहले दंपती का विश्वास जीतकर उनकी संपत्ति का दानपत्र अपने नाम कराया। इसके बाद संपत्ति पर किसी तरह का विवाद न रहे, इसलिए दोनों की हत्या की योजना बनाई गई और वारदात को अंजाम दिया गया।

दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है और पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।

इस सनसनीखेज खुलासे ने भोपाल सहित पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। करोड़ों की संपत्ति के लालच में बुजुर्ग दंपती की हत्या का यह मामला राजधानी के सबसे चर्चित अपराधों में शामिल हो गया है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads