CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कटघोरा में प्रयागराज के युवक की संदिग्ध मौत, खुद को पत्नी बताने वाली महिला अस्पताल से हुई गायब


(CG ई खबर : दर्री ब्लॉक रिपोर्टर | सरस्वती मरकाम)

कोरबा। जिले के कटघोरा क्षेत्र में प्रयागराज निवासी 22 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। कथित तौर पर जहर सेवन की हालत में अस्पताल लाए गए युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मामले ने उस समय और रहस्यपूर्ण मोड़ ले लिया, जब खुद को मृतक की पत्नी बताने वाली एक महिला अस्पताल से अचानक गायब हो गई। वहीं मृतक का मोबाइल फोन, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभिषेक कुमार गौड़ (22 वर्ष) निवासी प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह पिछले दो वर्षों से बिलासपुर स्थित एक शीशा फैक्ट्री में मजदूरी करता था। मंगलवार को उसकी तबीयत बिगड़ने पर जहर सेवन की आशंका में उसे कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलने पर एक महिला अस्पताल पहुंची और खुद को अभिषेक की पत्नी बताते हुए कहा कि उनके दो बच्चे हैं। पुलिस ने उससे प्रारंभिक पूछताछ की, लेकिन कुछ देर बाद वह अस्पताल से चली गई और फिर वापस नहीं लौटी। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

जांच के दौरान पुलिस को मृतक की जेब से केवल 401 रुपये नकद और कुछ कागजात मिले। एक कागज पर लिखे मोबाइल नंबर के आधार पर प्रयागराज में रहने वाले उसके पिता नीरज कुमार गौड़ को सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि अभिषेक ने शादी होने की जानकारी दी थी, लेकिन परिवार उसकी पत्नी और वैवाहिक जीवन के बारे में अधिक जानकारी नहीं रखता था।

मृतक के पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने से मामला और संदिग्ध माना जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इधर, मृतक के पिता और अन्य परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है। उनका कहना है कि केवल जहर सेवन की आशंका के आधार पर निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा, बल्कि इसके पीछे किसी साजिश या अन्य कारण की भी गंभीरता से जांच होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads