कोरबा। कोरबा शहर के वार्ड क्रमांक 20 स्थित नीलगिरी मोहल्ले में सोमवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। पीएम आवास योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य के दौरान ईंट लेकर पहुंचे ट्रैक्टर के नीचे आने से ढाई वर्षीय मासूम अब्दुल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के लिए ट्रैक्टर से ईंटें लाई गई थीं। ट्रैक्टर चालक मजदूरों के साथ ईंटें उतारने में व्यस्त था। इसी दौरान पास में रहने वाले दो सगे भाई वहां पहुंच गए। बड़ा भाई खेलते-खेलते ट्रैक्टर पर चढ़ गया, जबकि ढाई साल का छोटा भाई ट्रैक्टर के सामने खेल रहा था।
बताया जा रहा है कि बड़े भाई ने ट्रैक्टर का सेल्फ स्टार्ट घुमा दिया, जिससे वाहन अचानक आगे बढ़ गया और सामने खेल रहा छोटा भाई उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद चालक फरार
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के पिता मोहम्मद अंसार काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। घटना के समय दोनों बच्चे घर के बाहर अकेले खेल रहे थे और उनके साथ कोई बड़ा मौजूद नहीं था।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रशिक्षु डीएसपी एवं थाना प्रभारी आस्था शर्मा ने बताया कि खेल-खेल में बड़े भाई द्वारा ट्रैक्टर स्टार्ट किए जाने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें ढाई वर्षीय मासूम की जान चली गई। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पार्षद ने अभिभावकों से की अपील
स्थानीय पार्षद चंद्रलोक सिंह ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चे हमेशा मोहल्ले में खेलते रहते हैं। ऐसे में अभिभावकों को उन पर लगातार नजर रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चों को अकेला छोड़ना बड़ी लापरवाही साबित हो सकती है और इससे ऐसे दर्दनाक हादसे हो सकते हैं।
CG ई खबर | कोरबा


