CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

जांजगीर में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर महिला की अश्लील तस्वीरें वायरल, आरोपी गिरफ्तार


जांजगीर।
इंटरनेट मीडिया का दुरुपयोग कर महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले एक युवक को बलौदा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसकी एडिट की गई अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखसागर कुर्रे (24 वर्ष) निवासी हरदीविशाल के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन्हें अश्लील रूप दिया और फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से सोशल मीडिया पर साझा किया।

पूछताछ के दौरान पुलिस के सामने यह चुनौती भी आई कि आरोपी श्रवण-बधिर (सुनने और बोलने में अक्षम) है। ऐसे में पुलिस ने सांकेतिक भाषा के विशेषज्ञ की मदद ली। विशेषज्ञ की सहायता से हुई पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यूट्यूब वीडियो देखकर इंस्टाग्राम चलाना और फोटो एडिटिंग करना सीखा था। उसी तकनीक का इस्तेमाल कर उसने महिला की तस्वीरों को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads