सक्ती। बंधन बैंक के लोन खाते में जमा की जाने वाली 1 लाख 42 हजार 550 रुपये की राशि बैंक खाते में जमा नहीं कर आपस में बांटकर उपयोग करने के मामले में सक्ती पुलिस ने फरार आरोपी कमलेश सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर राशि का गबन करना स्वीकार किया है।
मामले में प्रार्थी मोनीष देवांगन, पिता पुरुषोत्तम देवांगन, उम्र 24 वर्ष, निवासी झुलकदम, सक्ती ने थाना सक्ती में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक बंधन बैंक, सक्ती में लोन की राशि 1,42,550 रुपये जमा किए जाने के बावजूद उक्त राशि बैंक खाते में जमा नहीं की गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि खाता धारक को मृत दर्शाकर बजाज आलियांज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी से राशि प्राप्त कर खाता बंद करने का प्रयास किया गया। शिकायत के आधार पर थाना सक्ती में अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने आरोपी कमलेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथी के साथ मिलकर 1,42,550 रुपये की राशि बैंक खाते में जमा नहीं करने तथा राशि को आपस में बांटकर उपयोग करने की बात स्वीकार की।
पुलिस द्वारा मामले में आरोपी के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की जांच को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।


