CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा में डॉक्टर ने फांसी लगाकर दी जान, प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला; बाथरूम में मिला शव


(CG ई खबर |कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित ईएसआईसी अस्पताल परिसर के कर्मचारी आवास में रहने वाले 30 वर्षीय डॉक्टर डॉ. एल्विन वे ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार शाम उनका शव आवास के बाथरूम में नायलॉन की रस्सी के फंदे से लटका मिला। उनके हाथ पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, डॉ. एल्विन की शनिवार सुबह अस्पताल की ओपीडी में ड्यूटी थी, लेकिन वे ड्यूटी पर नहीं पहुंचे। स्टाफ द्वारा फोन किए जाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। शाम तक संपर्क नहीं होने पर कर्मचारी उनके आवास पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद खिड़की का कांच तोड़कर दरवाजा खोला गया, जहां बाथरूम में डॉक्टर का शव फंदे से लटका मिला।

प्रेम प्रसंग से जुड़ी जानकारी सामने आई

प्रारंभिक पुलिस जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि डॉ. एल्विन का कोयंबटूर निवासी एक युवती से करीब दो वर्षों से संबंध था। अगस्त में वह युवती के परिजनों से मिले थे और दोनों ने शादी के लिए चर्च में आवेदन भी किया था। हालांकि बाद में दोनों के बीच विवाद हुआ और रिश्ता टूट गया।

रिश्ता टूटने के बाद से डॉ. एल्विन तनाव में और गुमसुम रहने की बात सामने आई है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

करीब एक साल से ईएसआईसी अस्पताल में थे पदस्थ

मूल रूप से केरल के पालक्काड निवासी डॉ. एल्विन वे करीब एक वर्ष से कोरबा स्थित ईएसआईसी अस्पताल में पदस्थ थे। घटना के बाद अस्पताल परिसर में शोक का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ संबंधित लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads