‘गोदी’ और ‘गुलामी मीडिया’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर पत्रकारों में नाराजगी, प्रेस की गरिमा बचाने एकजुट हुए मीडिया कर्मी
कोरबा/बांकी मोंगरा। पत्रकारों के सम्मान और पत्रकारिता की स्वतंत्रता से जुड़े एक मामले को लेकर बांकी मोंगरा प्रेस क्लब भवन में क्षेत्र के पत्रकारों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोशल मीडिया पर पत्रकारों के लिए कथित रूप से इस्तेमाल किए गए ‘गोदी मीडिया’ और ‘गुलामी मीडिया’ जैसे शब्दों को लेकर पत्रकारों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
बैठक में पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में विचारों का मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन पूरे पत्रकार समुदाय को अपमानजनक शब्दों से संबोधित करना पत्रकारिता की गरिमा के खिलाफ है। पत्रकारों ने कहा कि मीडिया का कार्य किसी व्यक्ति, संगठन या राजनीतिक दल के पक्ष अथवा विपक्ष में खड़ा होना नहीं, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों को निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ सामने लाना है।
पत्रकारों ने लिया सामूहिक बहिष्कार का निर्णय
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा द्वारा पत्रकारों के लिए कथित तौर पर किए गए आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग के विरोध में उनके समाचारों का बहिष्कार किया जाएगा।
पत्रकारों के निर्णय के अनुसार, भागवत विश्वकर्मा की मौजूदगी वाले कार्यक्रमों, उनके नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों अथवा ऐसे सार्वजनिक आयोजनों, जहां वे मुख्य रूप से शामिल होंगे, वहां बांकी मोंगरा क्षेत्र के पत्रकारों द्वारा समाचार कवरेज नहीं किया जाएगा।
“व्यक्ति विशेष नहीं, पत्रकारिता के सम्मान का मामला”
पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय किसी व्यक्तिगत विवाद या दुर्भावना के चलते नहीं लिया गया है, बल्कि पत्रकारों के सम्मान और प्रेस की गरिमा को बनाए रखने के लिए सामूहिक विरोध के रूप में लिया गया है।
बैठक में पत्रकारों ने एकजुटता बनाए रखने और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों की रक्षा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प भी लिया।





