CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

बिलासपुर में बवाल के बाद धारा 144 लागू, पथराव में थाना प्रभारी समेत 3 पुलिसकर्मी घायल; 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना


बिलासपुर।
छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर के सिटी कोतवाली क्षेत्र में बीती रात हुए विवाद और पथराव के बाद प्रशासन ने इलाके में धारा 144 लागू कर दी है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी शुरू कर दी है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भड़काऊ, आपत्तिजनक या विवादित पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मामूली विवाद के बाद आमने-सामने आए दो पक्ष

जानकारी के मुताबिक, सिटी कोतवाली क्षेत्र के मसानगंज इलाके में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया।

हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस के मुताबिक, पथराव की घटना में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, दोनों पक्षों के 50 से ज्यादा लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

मारपीट की घटना के बाद बढ़ा तनाव

बताया जा रहा है कि मसानगंज क्षेत्र में कुछ युवकों के साथ मारपीट की घटना के बाद इसकी जानकारी संबंधित संगठनों और लोगों तक पहुंची। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और स्थिति हिंसक हो गई।

हालांकि, सोशल मीडिया पोस्ट, मारपीट और पथराव से जुड़े आरोपों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

एसपी और कलेक्टर ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही एसपी रजनीश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने देर रात तक घटनास्थल पर रहकर स्थिति की निगरानी की और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तनाव को देखते हुए बिलासपुर जिले के अलग-अलग थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके अलावा दूसरे जिलों से भी पुलिस बल मंगाकर संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात किया गया है।

आज दर्ज होगी FIR

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कर रही है। पुलिस की ओर से दोनों पक्षों के खिलाफ FIR दर्ज किए जाने की कार्रवाई की जा रही है। उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ सामग्री सोशल मीडिया पर साझा न करें।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads