CG ई खबर डॉनेट



Ads-Google


ब्लैकमेलिंग से परेशान पति-पत्नी ने रची हत्या की साजिश, दूध में नींद की दवा देकर युवक को उतारा मौत के घाट


कबीरधाम/चिल्फी।
ग्राम घानाघाट में संदिग्ध परिस्थितियों में मिले 24 वर्षीय युवक अरूण पटेल उर्फ वेद प्रसाद पटेल की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस के अनुसार, मृतक द्वारा एक महिला को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था। इसी से परेशान होकर महिला और उसके पति ने योजनाबद्ध तरीके से हत्या को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, थाना चिल्फी अंतर्गत चौकी डिंडौरी क्षेत्र के ग्राम घानाघाट में 30 जुलाई की रात रामचंद पटेल के घर के पास अरूण पटेल उर्फ वेद प्रसाद पटेल, पिता शिवराज पटेल, उम्र 24 वर्ष, निवासी घानाघाट का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। घटना की सूचना मृतक के बड़े भाई अशोक पटेल ने 31 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे चौकी डिंडौरी में दी। सूचना के बाद पुलिस ने मर्ग क्रमांक 17/26 के तहत धारा 194 बीएनएसएस में मर्ग जांच शुरू की।

तीन साल पहले महाराष्ट्र में बने थे संबंध

पुलिस की जांच में सामने आया कि करीब तीन वर्ष पहले मृतक अरूण पटेल, आरोपी मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा पटेल मजदूरी करने महाराष्ट्र गए थे। वहां तीनों एक ही कमरे में रहते थे। इसी दौरान अरूण और मनीषा के बीच कथित तौर पर अवैध संबंध स्थापित हो गए।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान मृतक ने शारीरिक संबंधों का अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया था। गांव वापस आने के बाद वह कथित वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर मनीषा को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था।

दूध में नींद की दवा मिलाकर की हत्या

लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आरोपी पति-पत्नी ने अरूण की हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने मृतक को अपने घर बुलाया और दूध में नींद की दवा मिलाकर उसे पिला दी। दूध पीने के बाद जब अरूण बेहोशी की हालत में हो गया, तब आरोपियों ने गमछे से उसका गला दबाकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद शव को घर के पास छोड़ दिया गया, जिससे घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई प्रतीत हो। पुलिस की मर्ग जांच, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस ने मामले में आरोपी मुकेश पटेल और उसकी पत्नी मनीषा पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की विवेचना एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।

Top Post Ad

Below Post Ad