CG ई खबर डॉनेट



Ads-Google


शादी का रिश्ता कराने के नाम पर ठगी, लड़की की आवाज निकालकर करते थे लोगों से बात; दो आरोपी गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा।
जिले में शादी का रिश्ता कराने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी हेडफोन और ब्लूटूथ डिवाइस की मदद से लड़की जैसी आवाज निकालकर लोगों से शादी और रिश्ते की बातचीत करते थे। रिश्ता पक्का कराने के नाम पर अलग-अलग बहाने से रकम वसूलने के बाद मोबाइल बंद कर संपर्क तोड़ देते थे।

मामले की शुरुआत अजय राठौर की शिकायत से हुई। 15 अगस्त को अजय ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि एक व्यक्ति ने अस्पताल जाने के लिए तत्काल नकद राशि की जरूरत बताकर उसके फोन-पे खाते में 2 हजार रुपये भेजे और बदले में नकद रकम ले ली। कुछ दिनों बाद अजय के बैंक खाते पर होल्ड लग गया। जांच में पता चला कि उसके खाते में आई रकम साइबर ठगी से जुड़ी हुई थी।

इसके बाद साइबर थाना पुलिस ने साइबर क्राइम पोर्टल की शिकायतों, मोबाइल नंबरों और बैंक लेन-देन की तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू निवासी अमोदा और सोनू साहू निवासी चांपा तक पहुंची।

लड़की की आवाज निकालकर करते थे ठगी

पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे वर्ष 2025 से शादी के नाम पर ठगी का यह काम कर रहे थे। लोगों से बातचीत करने के लिए हेडफोन और ब्लूटूथ डिवाइस का इस्तेमाल कर लड़की जैसी आवाज निकाली जाती थी। आरोपियों द्वारा ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के नाम से प्रचार सामग्री दिखाकर लोगों को भरोसे में लिया जाता था। इसके बाद शादी कराने के नाम पर अलग-अलग मदों में पैसे मांगे जाते थे। रकम मिलते ही मोबाइल बंद कर दिया जाता था।

कई जिलों में फैला ठगी का नेटवर्क

पुलिस की जांच में ठगी का नेटवर्क जांजगीर-चांपा के अलावा कवर्धा, रायपुर, बलौदाबाजार, बालोद और महासमुंद सहित कई जिलों तक जुड़े होने के संकेत मिले हैं। आरोपियों के बैंक खातों में अलग-अलग लोगों से ठगी की रकम आने की जानकारी सामने आई है। मोबाइल में मिली चैटिंग से भी कई संभावित पीड़ितों के बारे में पुलिस को सुराग मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, कुछ संभावित पीड़ितों ने अब तक थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। ऐसे में जांच आगे बढ़ने पर ठगी की रकम और पीड़ितों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

मोबाइल, हेडफोन और पंपलेट जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, हेडफोन, व्हाट्सऐप चैटिंग से जुड़े साक्ष्य तथा ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के फ्लेक्सी-पंपलेट जब्त किए हैं। बैंक खातों और मोबाइल से मिले तकनीकी साक्ष्यों की जांच जारी है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस ठगी के नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं।

Top Post Ad

Below Post Ad