कोरबा। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के पावर हाउस रोड स्थित एसएस प्लाजा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में संचालित शारदा टेलीकॉम के संचालक चेतन कुमार चौधरी (लगभग 67 वर्ष) को पुलिस ने नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो एक्ट सहित गाली-गलौच से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी।
पुलिस के अनुसार, दुकान में काम करने वाली नाबालिग लड़की के साथ 9 अगस्त 2026 को कथित तौर पर गाली-गलौच और छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया था। एफआईआर दर्ज होने के बाद से आरोपी के फरार होने की बात सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
इसी बीच आरोपी की ओर से अधिवक्ता कमलेश साहू के माध्यम से अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट) के न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया। मामले में विशेष लोक अभियोजक सुनील कुमार मिश्रा ने पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण को गंभीर बताते हुए अग्रिम जमानत नहीं दिए जाने के पक्ष में मजबूत दलीलें पेश कीं।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने चेतन कुमार चौधरी का अग्रिम जमानत आवेदन खारिज कर दिया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद डडसेना ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया।
पुलिस की कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।


