CG ई खबर डॉनेट



Ads-Google


40+ अविवाहित महिलाओं को भी महतारी वंदन योजना से जोड़ने की तैयारी, कोरबा की करीब 65 हजार महिलाओं को मिल सकता है लाभ


(CG ई खबर जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

कोरबा/छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित महतारी वंदन योजना का दायरा बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। अब 40 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिलाओं को भी योजना से जोड़ने की दिशा में प्रारंभिक गणना की गई है। इस पहल से प्रदेश की लगभग 65 हजार महिलाओं को लाभ मिलने की संभावना जताई जा रही है। इनके लिए करीब 78 करोड़ रुपये वार्षिक प्रावधान किए जाने की बात सामने आई है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती शताब्दी पाण्डे ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार समाज के उन वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दे रही है, जिन्हें अब तक अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि 40 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिलाओं को महतारी वंदन योजना से जोड़ने की पहल महिला सम्मान और सामाजिक संवेदनशीलता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बस्तर, नियद नेल्लानार और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली ऐसी महिलाओं के लिए नियमित आर्थिक सहायता आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण सहारा साबित हो सकती है। सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि महिलाओं को निर्णय लेने में सक्षम, आत्मनिर्भर और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।

30वीं किश्त से बढ़ा महिलाओं का भरोसा

महतारी वंदन योजना की 30वीं किश्त जारी होने को भी महिला कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया है। योजना के तहत 5 अगस्त तक ई-केवाईसी पूर्ण कर चुकीं 67,20,125 महिलाओं के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 630.55 करोड़ रुपये से अधिक की राशि अंतरित की गई।

सरकार की ओर से योजना के विस्तार की दिशा में उठाया जा रहा यह कदम यदि लागू होता है, तो 40 वर्ष से अधिक आयु की अविवाहित महिलाओं को भी नियमित आर्थिक सहायता का लाभ मिल सकेगा। इससे प्रदेश में महिला कल्याण और सामाजिक सुरक्षा के दायरे को और व्यापक बनाने की उम्मीद है।

नोट: 40+ अविवाहित महिलाओं को योजना में शामिल करने का अंतिम निर्णय और पात्रता संबंधी नियम आधिकारिक आदेश/दिशा-निर्देश जारी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।

Top Post Ad

Below Post Ad