जांजगीर-चांपा। पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोसला में पुरानी रंजिश को लेकर छोटे भाई ने अपने बड़े भाई और भाभी पर लाठी से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बिलासपुर रेफर किया गया। मामले में पामगढ़ पुलिस ने आरोपी जनकराम साहू (50 वर्ष), निवासी कोसला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
विवाद के बाद लाठी से किया हमला
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त की शाम ग्राम कोसला में जनकराम साहू का अपने बड़े भाई पुनीराम साहू के साथ पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने बांस की लाठी से पुनीराम के सिर पर कई वार कर दिए।
बताया गया कि बीच-बचाव करने पहुंची पुनीराम की पत्नी पर भी आरोपी ने लाठी से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों मौके पर ही घायल होकर गिर पड़े।
गंभीर हालत में बिलासपुर रेफर
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से शासकीय अस्पताल पामगढ़ पहुंचाया। गंभीर चोटों को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना पर पामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जनकराम साहू को कोसला गांव से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
नोट: यह समाचार पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है।


